शहर में जगह-जगह जर्जर होकर लटक रहे बिजली के तार लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। आए दिन हवा के हल्के झोंके से आपस में इन तारों के टकराने से स्पार्किंग होने से इसके नीचे घरों व दुकानों के लोग सहम जाते हैं। लोगों की माने तो इस बारे में विभाग के बड़े अफसरों को कई मर्तबा अवगत कराया जा चुका है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मोहल्ला राजेंद्र नगर गौतम बुद्ध स्कूृल के पास, करमेर रोड सोम फ्रेक्चर के पास, बंबी रोड, रामनगर, पटेल नगर आदि मोहल्लों में बिजली के तारों की स्थिति यह है कि तार कई जगह टुकड़ों में जुड़े हुए हैं। ये जर्जर तार अक्सर टूटकर गिरते रहते हैं।
इन तारों की चपेट में आकर कई बार लोगों को करंट लग चुका है। कई मवेशियों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे है। लोगों का कहना है कि हल्के हवा के झोंके से जर्जर तारों के टकराने से स्पार्किंग होने से वे सहम जाते हैं।
हाल यह है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों की माने को इस बारे में संबंधित विभाग के बड़े अफसरों को कई मर्तबा अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक नतीजा सिफर ही रहा है। गौरतलब यह भी है कि शहर में इन दिनों बंच लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है।
लेकिन यह कार्य इतनी धीमी गति से हो रहा है कि कई वर्ष गुजर जाने के बाद अभी तक आधे शहर में भी यह बंच लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। अगर बंच लाइन बिछाने के कार्य में तेजी आ जाए तो शहरवासियों को जर्जर बिजली तारों की समस्या से निजात मिल सकती है।