उरई। एट थाना क्षेत्र के पिरौना चौकी से पांच सौ मीटर की दूरी पर टीम ने मंगलवार की भोर नकली खाद बनाने वाले कारखाने का भंडाफोड़ किया था। जिला कृषि अधिकारी ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीम कारखाने तक एक पिकअप चालक के माध्यम से कारखाने तक पहुंची थी। टीम ने तीन दिन तक रेकी की और सोमवार की देर रात एक होटल पहुंची। जहां सभी सदस्यों ने खाना खाया और छापा मार दिया। हालांकि सभी आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। बुधवार को टीम ने जगह का मौका मुआयना किया है।
एसडीएम कोंच ज्योति सिंह व सीओ परमेश्वर प्रसाद ने जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव व पुलिस टीम के साथ मंगलवार की भोर नकली खाद बनाने के कारखाने पर छापा मारा था। अधिकारियों व पुलिस की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग मौके से भाग गए थे। टीम ने कारखाने से इफको ब्रांड की 102 बोरी भरी हुई खाद, 58 बोरी कच्चा माल, छह नई खाली बोरी, 288 खाली बोरियां, सिलाई मशीन और जेनरेटर बरामद किया था। जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव की तहरीर पर एट थाना पुलिस ने पिरौना निवासी हरिपाल, विधाता यादव, दाता यादव, इंदल सिंह, जालिम सिंह, सेसा पूंछ निवासी छोटू उर्फ शुभ रिछारिया, ढेरी निवासी कृष्ण कुमार यादव को धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। बुधवार को टीम ने कारखाने का मौका मुआयना किया और कुछ साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों की माने तो एक पिकअप चालक के माध्यम से उन्हें कारखाने तक पहुंचे। जब उन्होंने देखा कि वास्तव में खाद बनाई जा रही है, तो टीम ने तीन दिन तक रेकी की। इसके बाद मंगलवार को सभी प्राइवेट गाड़ी से एक होटल पर पहुंचे और वहां बैठकर खाना खाया। इसके बाद भोर में छापा मार दिया।