आंधी ने फिर शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतार दिया। रविवार की रात आई तेज आंधी के कारण शहर के जेल रोड, इकलासपुरा सहित कई फीडरों में फाल्ट हो गए। इससे इन फीडरों से जुड़े कई मोहल्लों में अंधेरा छा गया। 24 घंटे बाद भी विभाग के अधिकारी शहर की बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं कर सके। इससे इन मोहल्लों में पानी का संकट भी गहरा गया है। सुबह से ही इन मोहल्लों में पानी के लिए लोग भटकते रहे।
पिछले सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच रविवार रात फिर मौसम ने अचानक करवट बदला। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी शुरू हो गई। आंधी की वजह से शहर के जेल रोड फीडर, इकलासपुरा फीडर, राजेन्द्र नगर व सुशील नगर फीडर में कई फाल्ट आ गए। कुछ फीडरों में खंभे भी गिर गए। फाल्ट होते ही इन फीडरों से जुड़े दर्जनों मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। रात भर लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। बारिश और गर्मी के साथ बिजली कटौती से लोगों बिलबिला उठे।
फाल्ट की वजह पटेल नगर, तुफैलपुरवा, सुशील नगर, कुर्मी कॉलोनी, लहारियापुरवा, राजेंद्र नगर, जेल रोड, रामजीपुरम कॉलोनी आदि मोहल्लों की सप्लाई ठप हो गई। जेल रोड के रहने वाले दिनेश कुमार, दीपू कक्का, आशीष वैद्य, राहुल तोमर, नरेश सेंगर आदि का कहना है कि जैसे ही रात में फाल्ट हुआ वह लोग सप्लाई ठीक करने के लिए विभाग के अधिकारियों को फोन लगाते रहे, लेकिन रात में किसी भी अधिकारी का फोन नहीं लगा।
जब वे लोग सब स्टेशन पर पहुंचे तो रात में कोई कर्मचारी नहीं दिखाई दिया। मजबूरन लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। सुबह भी सप्लाई ठीक न होने से मोहल्लों में पीने के पानी का संकट गहरा गया। पानी के लिए सरकारी हैंडपंपों के सामने लोग लंबी-लंबी लाइनों में लगे नजर आए। विभाग के एसडीओ अजय कुमार का कहना है कि रात में कई जगह फाल्ट की वजह से सप्लाई बंद रही। फाल्ट होते ही सभी फीडरों के लिए तीन टीमों को लगाया गया था। टीम रात भर काम करती रही। कुछ फीडरों की सप्लाई को रात में ही ठीक कर लिया गया था। एक दो फीडर और बचे हैं, जिनमें जल्द से जल्द सप्लाई को ठीक करा लिया जाएगा।