केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई मिशन इंद्रधनुष योजना के तहत शत-प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए स्वास्थ्य महकमा जुटा हुआ है। पहला चरण पूरा होने के बाद अब महकमे के अधिकारी दूसरे चरण के लिए तैयारियां कर रहे हैं। इसके लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
सोमवार को प्रभारी सीएमओ ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए तैयारियों की जानकारी दी। प्रभारी सीएमओ डॉ. आशाराम ने अपने कार्यालय में बताया कि योजना का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस चरण में सात से 14 अक्तूबर तक घर-घर जाकर पूर्ण टीकाकरण किया गया है। पहले चरण में कुल 3100 बच्चों का टीकाकरण हुआ।
अब दूसरा चरण चार नवंबर से शुरू होगा जो दस नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस चरण में सम्पूर्ण टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए सर्वे करवा लिया गया है। दूसरे चरण में कुल 1555 बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान की सफलता के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग व पंफ्लेट भी बनवाए गए हैं। दूसरे चरण के टीकाकरण अभियान में आशा बहुओं, एएनएम, पोलियो वर्कर्स को लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कराए गए सर्वे में यह सामने आया है कि 31 प्रतिशत परिवार ऐसे हैं जो बच्चों को टीकाकरण के लिए अस्पताल नहीं ले जाते।
ेप्रभारी सीएमओ डॉ. आशाराम ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष के तहत छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण किए जाने की योजना है। जिसे पूरा करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।