फोटो - 27 मलंगा नाले में खोजबीन करती एसडीआरएफ की टीम। संवाद
सिरसाकलार। तीन दिन से लापता मजदूर की बाइक शनिवार की सुबह बाबई रोड स्थित मलंगा नाले से बरामद हुई थी। इसके बाद से उसकी खोजबीन जारी है, लेकिन युवक का अभी तक पता नहीं चला है। एसडीआरएफ भी 24 घंटे से लगातार तलाश में जुटी है। दो किलोमीटर तलाशने के बाद भी युवक का कहीं कोई पता नहीं चला है।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के पिपरी अठगइया गांव निवासी वीर सिंह वाल्मीकि (36) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार की सुबह वह बाइक लेकर पड़ोस के किसी गांव में मजदूरी करने निकल गया था। देर रात तक नहीं लौटा तो पत्नी रानी देवी और पिता भंवर सिंह ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला था। शुक्रवार को थाने में परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार की सुबह गांव के पास बाबई रोड पर मलंगा नाले में हथना गांव के रपटा पुल पर लोगों ने एक बाइक डूबी हुई देखी थी। पुलिस ने उसकी बाइक निकलवाई थी। लेकिन युवक का कहीं कोई पता नहीं चला था। युवक की खोजबीन के लिए परिजनों ने उच्च अधिकारियों से एसडीआरएफ टीम को बुलाने की गुहार लगाई थी। जिसके बाद शनिवार की शाम एसडीआरएफ टीम को बुला लिया गया था। टीम ने उसकी तलाश की थी, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। रविवार को भी टीम ने दो किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला है। युवक के न मिलने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।