जालौन। नगर में एक साथ पांच कोरोना संक्रमित मिलने से नगर में हड़कंप मच गया।
नगर के मोहल्ला रापटगंज निवासी अखिलेश (30) पुत्र रामदास गाजियाबाद में मजदूरी का काम करते थे। बीमारी के चलते 5 जुलाई को उपचार के दौरान उनकी गाजियाबाद में ही मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजन उसके शव को जालौन के मोहल्ला रापटगंज स्थित घर लाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके बाद जब 14 जुलाई को मृतक की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई तो अंतिम संस्कार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया और उनकी भी जांच कराई गई। प्रशासन ने मृतक के परिवार के लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया था। अंत्येष्टि में शामिल हुए 40 लोगों के नमूने भी लिए थे। उक्त नमूनों की सोमवार को आई जांच में 5 लोग संक्रमित मिले। जिसमें तोपखाना में सास बहू समेत एक अन्य महिला व एक बच्ची के अलावा रापटगंज निवासी एक महिला की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सूचना मिलने पर सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश राजपूत, डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, डॉ. अमीरुद्दीन डॉ. देववर्धन की टीम मौके पर पहुंच गई।
गलियां सील, हॉटस्पॉट बना इलाका
जालौन। सोमवार को नगर के मोहल्ला रापटगंज व तोपखाना में पांच मरीज कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नगर पालिका से एलआई चंदन यादव, लेखपाल शिवराज सिंह निरंजन, एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र, चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित मौके पर पहुंच गए और गलियों को सील कराया। वहीं, एसडीएम ने उक्त घरों से 250 मीटर की परिधि को हाट स्पॉट एरिया घोषित करते हुए सभी प्रकार की व्यवसायिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
सिर्फ 16 लोगों ने ही दिए सैंपल
कोंच। प्रशासन की तमाम कवायद के बावजूद भी लोगों का रुझान कोविड टेस्टिंग की ओर नहीं दिखाई दे रहा है। जिसके चलते सीएचसी में पहुंची मोबाइल कोविड-19 टेस्टिंग वैन द्वारा सोमवार को मात्र 16 सैंपल ही लिए जा सके। सीबजसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला की देखरेख में स्वास्थ्य कर्मी पुरुषोत्तम मिश्रा, जितेंद्र, प्रदीप अग्रवाल, रजनीश कुमार, सुमित निरंजन, नीरजकुमार, अजय झा, मैत्रेय प्रभाकर, पवन, राजेश निरंजन आदि सैंपलिंग में लगे रहे।