कोंच। आशीर्वाद होटल के बावर्ची की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस चार दिन बाद भी कोई नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस अभी भी आत्महत्या और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए साक्ष्यों को एकत्र करने की बात कर रही है। रविवार को भी पुलिस को बावर्ची की पत्नी नहीं मिली। इस कारण उसके बयान नहीं हो सके हैं। पुलिस ने घटना के समय होटल में मौजूद लोगों के बयान जरूर लिए हैं। पुलिस का दावा है, कि जल्द ही घटना का खुलासा लिया जाएगा।
29 अक्तूबर की रात पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति देवेंद्र सिंह निरजंन के आशीर्वाद होटल के कमरा नंबर 115 में बावर्ची महेश अहिरवार की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में पुलिस चार दिन बाद भी कोई ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस अभी भी हत्या और आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए साक्ष्यों को इकट्ठा करने में लगी है। मामले की विवेचना कर रहे सीओ परमेश्वर प्रसाद रविवार को फिर बावर्ची की पत्नी के बयान लेने के लिए भांडेर पहुंचे, लेकिन वह नहीं मिली। इस कारण पुलिस बावर्ची की पत्नी के बयान नहीं ले सकी है।
उधर, घटना के समय आशीर्वाद होटल में मौजूद कर्मचारियों के पुलिस ने बयान दर्ज किए हैं। घटना के बाद से ही पुलिस होटल मालिक के बेटे हिमांशु निरंजन व बाउंसर संदीप कुमार को हिरासत में लिए है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। पुलिस की कार्रवाई से यह अंदाजा लगाया जा रहा है। पुलिस इस मामले में कुछ न कुछ खुलासा जरूर कर सकती है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि एक दो दिन में ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।