उरई। रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के दावे तो बड़े-बड़े किए जा रहे हैं लेकिन उरई स्टेशन पर लिफ्ट निर्माण की सुस्त रफ्तार ने दिव्यांगों व बुजुर्गों को अब भी इंतजार की राह पर खड़ा कर दिया है।
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प का काम अंतिम दौर में चल रहा है। यात्रियों को और अधिक सुविधाजनक सुविधा देने के लिए रेलवे के द्वारा प्लेटफार्म नंबर एक पर जीआरपी थाने के सामने लिफ्ट लगाने का कार्य हो रहा है। जिसको बनाने में लगभग 6 महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक लिफ्ट चालू नहीं हो पाई है। इसमें कार्यदाई संस्था की के काम की गति बेहद धीमी है। जिसकी वजह से दिव्यांग, बुजुर्ग, महिला और पुरुष एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने में कठिनाइयां झेल रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे सुविधाओं में इजाफा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है लेकिन निर्माण कर रही संस्था द्वारा लापरवाही के चलते काम लंबे समय तक पूरा नहीं हो पा रहा है जिसकी वजह से यात्रियों में नाराजगी है। यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। ताकि दिव्यांगों और बुजुर्ग महिला पुरुषों यात्रियों को जल्द सुविधाजनक आवागमन की राहत मिल सके। इस बाबत झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि लिफ्ट लगाने का काम चल रहा है जल्द ही यात्रियों का इसका लाभ मिलेगा।