इस बार ग्राम पंचायत चुनाव के बाद कई जीते उम्मीदवारों को शपथ लेने में
दिक्कत आ सकती है। कारण, यदि ग्राम सभा का कोरम पूरा नहीं होता तो वे
प्रधान शपथ ग्रहण करने के लिए अर्ह नहीं माने जाएंगेे। ऐसे हालात नामांकन
की स्थिति को देखकर बनते दिख रहे हैं। सोमवार देर शाम तक जारी रहे नामांकन
में कोंच ब्लॉक में प्रधान पद के लिए कुल 664, सदस्य पद
के लिए कुल 652 तथा
नदीगांव ब्लॉक में प्रधानी के लिए 728 तथा ग्राम सभा सदस्यों के 936 पर्चे
दाखिल किए गए।
ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के तीसरे चरण के
मतदान के लिए दो दिनों में भारी गहमागहमी रही। इस दौरान दोनों ब्लॉकों
नदीगांव और कोंच की कुल 16 न्याय पंचायतों के लिए कुल 1392 प्रधानी व 1588
सदस्यों के लिए नामांकन किए गए।
लोगों ने प्रधान पद के लिए तो खासी
दिलचस्पी दिखाई लेकिन सदस्यों के नामांकन अपेक्षाकृत कम रहे। ऐसे में कई
गांवों में चुनावी कोरम पूरा होता नहीं दिख रहा और माना जा रहा है कि इन
हालात में कई प्रधानों के शपथ ग्रहण को ग्रहण लग सकता है। विकास खंड कोंच
कार्यालय में आरओ मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण शाक्या की देखरेख
में सात न्याय पंचायतों
और नदीगांव ब्लॉक में नौ न्याय पंचायतों के लिए
नामांकन आरओ अधिशासी अभियंता बेतवा नहर प्रखंड द्वितीय राकेश वर्मा की
देखरेख में चले। चुनाव की सही तस्वीर मंगलवार और गुरुवार को नामांकन पत्रों
की जांच और नाम वापसी से ही स्पष्ट होगी।