उरई। बीना-आगासोद यार्ड में तीसरी रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद अब मुंबई मंडल के कसारा स्टेशन पर ट्रैक मरम्मत के चलते झांसी-कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। सोमवार को मुंबई से गोरखपुर जाने वाली दैनिक स्पेशल (01079) निर्धारित समय से 11 घंटे 18 मिनट देरी से पहुंची।
मुंबई से सुल्तानपुर जाने वाली सुल्तानपुर एक्सप्रेस (12143) तीन घंटे 45 मिनट, मुंबई से प्रतापगढ़ जाने वाली उद्योगनगरी एक्सप्रेस (12173) एक घंटा 29 मिनट और गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दैनिक स्पेशल (01080) सात घंटे देरी से आई।
इसी तरह मुंबई से गोरखपुर जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस (20103) एक घंटा 34 मिनट, कुशीनगर एक्सप्रेस (22538) दो घंटे 26 मिनट और अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस (19165) एक घंटा 44 मिनट देरी से पहुंची।
त्योहार के दौरान ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कसारा स्टेशन पर ट्रैक मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। (संवाद)