मुहम्मदाबाद। डकोर के मुहम्मदाबाद गांव में लोगों को पानी की सप्लाई देने के लिए लगे दोनों नलकूपों की मोटर खराब है। इससे गांव में पानी के लिए हाहाकार मची है। कुओं की कई सालों से सफाई न होने से लोगों के घरों में लगे सबमर्सिबल पंपों से पानी भरने को मजबूर हैं। इसके साथ ही कुछ लोग टैंकर का सहारा ले रहे हैं। सुबह से ही पानी के लिए लोग भटकने लगते हैं। पानी न होने से हैंडपंपों पर खासी भीड़ जमा हो जाती है।
डकोर ब्लाक के मुहम्मदाबाद गांव में लोगों को पानी देने के लिए दो नलकूप लगे हैं। यहां दो टंकियां है, वहीं तीसरी टंकी निर्माणाधीन है। एक माह पहले खलिहान के पास लगे नलकूप की मोटर खराब हो जाने से लोगों को पानी की समस्या होने लगी थी। लेकिन एक नलकूप लोगों का सहारा बना था। एक सप्ताह पहले दूसरे नलकूप की मोटर खराब हो गई। इससे गांव में पानी की संकट छा गया है।
हालत यह है कि दस हजार की आबादी एक सप्ताह से पानी के लिए परेशान है। गांव में बने कुएं भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके साथ ही एक दो कुएं सही है, तो उनमें गंदगी भरी हुई है। इससे लोग वहां से भी पानी नहीं भर पा रहे हैं। हालत यह है कि लोग चंदा कर टैंकरों को मंगवाकर पानी भर रहे हैं, या किसी के निजी सबमर्सिबल पंप से पानी भरने के लिए मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को इसके बारे में पिछले कई दिनों से जानकारी दे रहे हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे उन्हें पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्राम सचिव रोहित कुशवाहा ने बताया कि एक मोटर खुलवाकर भिजवाई गई है, सही होने में समय लगेगा।
पहले फुंकी मोटर सही हो जाती तो न होते परेशान
ग्रामीण शिव नारायण वर्मा ने बताया कि दोनों नलकूपों की मोटरें खराब होने से पानी की समस्या खड़ी हो गई है। कुओं में पानी न होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। हैंडपंपों पर सुबह से ही लाइन लगानी पड़ती है। ग्रामीण हाजी मुबीन ने बताया कि एक विभागीय अधिकारियों की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। अगर एक माह पहले फुंकी मोटर अधिकारी सही करवा देते तो शायद इतनी परेशानी न होती। एक मोटर पर अधिक लोड होने से वह भी खराब हो गई।