कालपी। बातों में उलझाकर वृद्ध के साथ बाइक सवार बदमाशों ने 1500 रुपये की टप्पेबाजी कर ली। जब वृद्ध को जानकारी हुई तो उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह भाग चुके थे। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मनीगंज निवासी राकेश पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मंगलवार की दोपहर में वह कपड़ों में प्रेस करवाने स्टेशन रोड की ओर जा रहा था। मनीगंज बजरिया के पास बाइक सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया और डॉक्टर अनिल का पता पूछा, जब वह खड़े होकर उन्हें पता बताने लगा तो बाइक सवारों ने उसकी कुर्ते की जेब काटकर उसमें पड़े 1500 रुपये निकाल लिए और भागने लगे। जब उसने जेब में हाथ डाला तो रुपये गायब थे। इस पर उसने चिल्लाना शुरू किया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग गए थे। कोतवाली प्रभारी परमहंस तिवारी ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा।