फोटो-17 एट के धगुवां कला गांव में पानी में घुसकर श्मशान घाट को जाते लोग।संवाद
एट। थाना क्षेत्र के ग्राम धगुवां कला के श्मशान घाट तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए आज भी किसी परीक्षा से कम नहीं है। सोमवार को एक शव यात्रा के दौरान ग्रामीणों को दो से तीन फीट पानी में उतरकर शव को घाट तक ले जाना पड़ा। चारों ओर जलभराव होने के कारण लोग दाह संस्कार के समय पानी में खड़े रहने को मजबूर हो गए।
श्मशान घाट तक महज 150 मीटर का कच्चा रास्ता है। बरसात में यह रास्ता तालाब जैसी स्थिति में तब्दील हो जाता है। श्मशान घाट के अंदर भी पानी घुसने से चबूतरे तक पहुंचना कठिन हो गया। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ग्राम प्रधान गायत्री देवी के कार्यकाल के साढ़े चार साल बीतने के बाद भी सड़क नहीं बन पाई। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट में तीन शेड तो बने हैं, लेकिन बैठने की उचित व्यवस्था, पेड़-पौधे और पानी की सुविधा नहीं है।
अंतिम संस्कार के दौरान लोग मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरते हैं, जो बेहद दुखद स्थिति है। ग्राम पंचायत अधिकारी आयुष शर्मा ने बताया कि वर्तमान में कच्चे रास्ते की वजह से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि गांव में नया श्मशान घाट बनाया जाएगा और पक्का रास्ता भी तैयार किया जाएगा। इस पर काम जल्द शुरू किया जाएगा।