लंबे समय से आ रही शिकायतों के मद्देनजर सोमवार को एसडीएम संजय कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच का निरीक्षण किया। सीएचसी में उनके अचानक पहुंचने पर स्टाफ में खलबली मच गई। इस दौरान चिकित्सक सहित स्टाफ के कई लोग नदारद मिले।
इस पर उन्होंने खासी नाराजगी व्यक्त की। एसडीएम ने लगभग सभी कक्षों का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान वे साफ सफाई को लेकर भी नाखुश दिखे।
एसडीएम संजय कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण के दौरान मराजों व उनके तीमारदारों से दवाओं के वितरण के बारे मेें पूछा। इस पर महिलाओं ने बताया कि यहां दवाएं बाहर से लिखी जाती हैं। इधर, एक मरीज ने शिकायत की कि उसे अस्पताल से डेढ दिन की दवा ही दी गई।
एक अन्य मरीज रामनारायण भदेवरा ने भी अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की। इस पर एसडीएम ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। चिकित्सकों की संख्या और उनकी उपस्थिति को लेकर पूछने पर पता चला कि चिकित्सक डॉ. रमेश 4 मई से बिना कारण बताए सीएचसी से लापता हैं।
इसके अलावा डॉ. अमरेश कुमार बिना सूचना के अस्पताल नहीं आए। डार्करूम सहायक अनूप कुमार सिंह 24 सितंबर से बिना छुट्टी के नदारत हैं। दंत हाइजिनिस्ट डॉ. सुनील कुमार भी 26 सितंबर से बिना बताए नदारद हैं।
एसडीएम के पूछने पर महिला चिकित्सकों डॉ. सविता पटेल व डॉ. शालिनी अग्रवाल ने बताया कि एक दिन में तकरीबन सवा सौ से डेढ़ सौ महिला मरीजों का चेकअप किया जाता है। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने कहा कि यहां डॉक्टरों की खासी कमी है और स्वीकृत जगहों के सापेक्ष तैनाती कम है।
इस समस्या का जल्द निदान निकाला जाएगा। पांच माह से नदारत डॉ. रमेश को लेकर सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ल का कहना है कि इस बाबत जहां संबंधित चिकित्सक को नोटिस दे दी गई है वहीं सीएमओ को भी अवगत करा दिया गया है।