उरई। लाखों रुपये की चोरी हो जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब घर के लोगों से पूछताछ की तो चोरी गए गहने घर में ही रखे मिले। पुलिस ने गृहस्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के उरकरा खुर्द निवासी रामगोपाल अहिरवार ने रविवार की सुबह थाना पुलिस को सूचना दी कि शनिवार की रात चोरों ने उसके घर में जमीन में गड़े लगभग आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसके तीन पुत्र व पुत्र वधुओं से पूछताछ की और जिस कमरे की जमीन को खोदकर जेवरात चोरी होने की बात कही जा रही थी। उस कमरे की तलाशी ली तो कमरे की अलमारी व बक्से में रखा हार, तीन मंगलसूत्र, सोने की पांच अंगूठी, दो जोड़ी कान के बाले, छह जोड़ी पायल, तीन जोड़ी कमरपेटी, तीस जोड़ी बिछिया वहीं रखे मिले। थानाध्यक्ष शिवशंकर का कहना है कि शिकायत कर्ता रामगोपाल ने ही जेवरात गायब कर पुलिस को चोरी हो जाने की घटना बताई थी। पुलिस ने उसके खिलाफ झूठी सूचना देने की रिपोर्ट दर्जकर ली है।