जालौन। घर में अकेली किशोरी ने कमरे में लगे हुक से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता जब कमरे में पहुंचा तो किशोरी का शव फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए।
कोतवाली क्षेत्र के छानी खास गांव निवासी धर्मेंद्र बरार मजदूरी करता है। सोमवार की सुबह वह पत्नी गुड्डी के साथ खेतों पर कटाई के लिए गया था। उसकी 15 वर्षीय बेटी पुत्री राधा घर में अकेली थी। राधा ने कमरे में लगे हुक से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर में जब पिता धूर्मेंद्र खाना खाने आया तो पुत्री को फंदे पर लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब परिजनों से पूछा तो उन्होंने बताया कि बेटी कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहती थी। पूछने पर भी कुछ नहीं बता रही थी। किशोरी की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ शैलेंद्र बाजपेयी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है।