कदौरा में गौशाला का निरीक्षण करतीं सचिव वंदना सिह
- फोटो : ORAI
कदौरा। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर के गोशालाओं को दुरुस्त करने को लेकर दिए गए निर्देशों का असर ब्लाक में दिखने लगा है। गुरुवार को ग्राम विकास अधिकारी वंदना वर्मा ने ब्लाक क्षेत्र की स्थायी व अस्थायी गोशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने लापरवाही पर कठपुरवा की गठित कमेटी को भंग कर दिया है।
गुरुवार को ग्राम विकास अधिकारी वंदना सिंह ने ब्लाक क्षेत्र के नाका, पंडौरा, कठपुरवा व मरगांया गांव में स्थित अस्थायी गोशाला में पहुंच कर मवेशियों को जूट की बोरी पहनाई, साथ ही अलाव जलवाकर रजिस्टर सहित भूसे का स्टाक देखा। नाका व पंडौरा गोशाला में गंदगी देखकर सफाई कर्मियों को फटकार लगाकर अपने सामने सफाई कराई। कठपुरवा गांव स्थित गोशाला में गठित समिति की रखरखाव में लापरवाही बरतने पर समिति को भंग कर नई समिति बनाने के लिए कहा।
जबकि मरगांया गांव स्थित गोशाला में मौजूद कर्मियों को हटाकर नए कर्मियों को रखा। ग्राम विकास अधिकारी वंदना सिंह ने बताया कि मरगांया गांव में अन्ना समस्या को देखते हुए तीन अस्थाई गोशाला बनाई गई है। ठंड को देखते हुए सभी गोशालाओ में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है, साथ ही नाका व पंडौरा गांव में तीन तीन व मरगांया में 9 एवं कठपुरवा में 4 लोगों को चिह्नित किया है, जो अपने मवेशियों को खुला छोड़ है। इनके खिलाफ शिकायती पत्र थाने में दिया है, इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भगवानदीन, रामपाल, उदयभान अहिरवार व रामकिशोर सहित अन्य ब्लाक कर्मी मौजूद रहे।