उरई। झांसी कानपुर रेलखंड पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने राहत दी है। अब मुंबई-गोरखपुर और पुणे-गोरखपुर के बीच चलने वाली दैनिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी गई है।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन 15 मई से बढ़ाकर 17 जुलाई तक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या पुणे-गोरखपुर स्पेशल (01415-16) व मुंबई-गोरखपुर स्पेशल (01079-80) का संचालन अब विस्तारित अवधि तक जारी रहेगा। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर गोरखपुर से मुंबई और पुणे के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को गर्मी के मौसम में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए आगे भी जरूरत के अनुसार ऐसे फैसले लिए जाएंगे। (संवाद)