उरई। बीएसए कार्यालय के पीछे पुरानी फाइलों और कागजात में आग लगा दी गई। इलाकाई लोगों ने दमकल को सूचना दी। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि विभाग की रद्दी में आग लगाई गई थी। कोई जरूरी कागजात उसमें नहीं थे।
रविवार की रात बीएसए कार्यालय के पीछे आग की लपटें देख इलाकाई लोगों में हड़कंप मच गया। तेज हवा के कारण आग और न फैले, इसलिए लोगों ने दमकल को सूचना कर दी। मौके पर पहुंची गाड़ी ने आग पर काबू पाया। सोमवार को दफ्तर के कर्मियों में चर्चा रही कि जलने वाले कागजात शिक्षकों की नियुक्ति, पदोन्नति व निजी स्कूलों की मान्यता से संबंधित थे। आग जानबूझ कर लगाई गई है। इन कार्यो को देखने वाले बाबू भी सोमवार को कुछ देर रुकने के बाद दफ्तर से चले गए। बीएसए का कहना है कि रद्दी जली थी, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेज हो गई थी। फिलहाल आग का मलबा भी हटवा दिया गया है।