रामपुरा। पंचनद घाट पर मंगलवार को घंटे और शंख के दिव्य स्वरों के लिए पंचनदा मैया की मंगला आरती की गई। बुधवार तड़के कार्तिक पूर्णिमा पर भक्तों का स्नान करने का क्रम शुरू हो गया। अनुमान है कि एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु इस पुण्य को कमाएंगे।
मंगलवार की शाम पंचनद पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, ब्लॉक प्रमुख अजीतसिंह सेंगर, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान, समाजसेवी शीतल सिंह सेंगर, संतोष प्रजापति पहुंचे और पांच नदियों यमुना, चंबल, सिंध, क्वावारी व पहूज की संध्या आरती एवं दीपदान सभी भक्तों के साथ की। इससे पहले दोपहर को डीएम व एसपी ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। पूरे क्षेत्र में झूले, दुकानों और रोशनी की सजावट ने मेले को भव्य रूप दे दिया है। दरअसल, पंचनद मेला बुंदेलखंड का सबसे प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन माना जाता है। हर साल जालौन, औरैया, इटावा, भिंड और ग्वालियर सहित कई जिलों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
मंगलवार को संगम तट पर सजे झूलों, मिठाइयों, खिलौनों और पूजा सामग्री की दुकानों से पूरा क्षेत्र मेले की रौनक में रंग गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचनद मेला सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि लोक परंपरा और भाईचारे का प्रतीक भी है।
हर वर्ष यहां आने वाले श्रद्धालु इसे बुंदेलखंड का प्रयाग कहते हैं। मेले की शुरुआत मंगलवार शाम मां पंचनदा देवी की भव्य आरती की गई। इसके बाद धार्मिक प्रवचन, भजन-संध्या के बाद श्रद्धालुओं ने रात्रि विश्राम किया। बुधवार की भोर कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु पंचनद संगम में डुबकी लगाने पहुंचने लगे।
संगम तट के पास नौकायन पर रोक
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय व एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने मंगलवार को टीम के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। बताया कि मेले में पुलिस बल के साथ अग्निशमन वाहन, स्वास्थ्य विभाग की टीम और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। संगम तट के पास नौकायन पर रोक लगाई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह दिशासूचक बोर्ड और लाउडस्पीकर लगाए गए हैं।
ड्रोन से करवाई जा रही मेला क्षेत्र की निगरानी
मेले के मुख्य स्थल पर सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम माधौगढ़, सीओ, तहसीलदार और थानाध्यक्ष सहित राजस्व और पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम ने मेले स्थल का निरीक्षण किया। सीओ अंबुज यादव ने बताया कि मेला परिक्षेत्र में करीब 100 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इससे वह आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख सकें। इसके साथ ही ड्रोन से भी पूरे मेला परिसर की निगरानी करवाई जा रही है।
फोटो - 03 पंचनद मेले का निरीक्षण करते डीएम व एसपी। संवाद
फोटो - 03 पंचनद मेले का निरीक्षण करते डीएम व एसपी। संवाद