कालपी (जालौन)। जिन पर एटीएम के संचालन की जिम्मेदारी थी, उन्होंने ही चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। एटीएम का लॉक तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो कर्मचारियों को पकड़कर नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला सदर बाजार निवासी धर्मेंद्र प्रनामी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। बताया कि 29 मार्च को टाटा कंपनी के एटीएम का लॉक तोड़कर चोर बीस हजार की नकदी चोरी कर ले गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तलाश शुरू कर दी थी। घटना का एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा था। इसमें एक युवक लॉक तोड़कर खोलता हुआ दिखाई दे रहा था। उसी को अपना आधार मानकर पुलिस घटना के खुलासे के लिए लगी थी।
रविवार को चोरी में शामिल कंपनी के ऑडिटर कानपुर के रावतपुर निवासी जितेंद्र व पूर्व कर्मचारी रावतपुर निवासी रोहित पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एटीएम से चोरी किए रुपये भी बरामद हुए हैं। कोतवाल कामता प्रसाद का कहना है कि छानबीन में कर्मचारियों की संलिप्तता मिली थी। जिस पर दोनों से जब सख्ती से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।