जालौन। चेहल्लुम के ताजिये निकलने के दौरान पूरे नगर की बिजली बंद कर दी जाती है। रविवार को लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जिस रास्ते पर ताजिये हों उस फीडर की ही बिजली बंद की जाए। ताजिये निकलने के बाद फीडर से बिजली को चालू किया जाए।
नगर के अशफाक राईन, श्रवण कुमार, राजेंद्र प्रसाद, अशोक शिवहरे, वसीम हक, अनुराग, मुकेश सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि 14 अगस्त को रात में चेहल्लुम के ताजिये निकाले जाएगे। 15 अगस्त को दिन में ताजिये निकाले जाने हैं। रात में ताजिये निकलने से रात भर के लिए बिजली बंद रहती है। ऐसे ही अगले दिन दोपहर में ताजिये निकलने से बिजली बंद रखी जाती है। इससे नगर के लोगों को परेशान होना पड़ता है। ऐसे में छड़ व ताजिये निकलने के दौरान ऐसी व्यवस्था की जाए कि लोगों को परेशान न होना पड़े। (संवाद)