उरई। जिले में खाद की उपलब्धता बढ़ाने के लिए शासन ने इफको की 2724 मीट्रिक टन डीएपी और एनपीएस खाद की रैक उपलब्ध कराई है। 20 अक्तूबर को ओडिशा के पारादीप से पहुंची इस रैक से खाद सीधे साधन सहकारी समितियों पर भेजी जाएगी। जिलाधिकारी समीर ने किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
खाद की बिक्री पीओएस मशीन से निर्धारित दर पर होगी। डीएपी की 50 किलो की बोरी 1350 रुपये और यूरिया की 45 किलो की बोरी 266.50 रुपये में मिलेगी। खाद खरीदने के लिए आधार कार्ड, खतौनी और फार्मर आईडी अनिवार्य है।
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, गेहूं और जौ के लिए प्रति हेक्टेयर छह बोरी यूरिया और तीन बोरी डीएपी, जबकि चना, मटर और मसूर के लिए एक बोरी यूरिया और तीन बोरी डीएपी की अनुशंसा की गई है।
खाद की उपलब्धता या वितरण में समस्या होने पर किसान सहकारी समितियों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर 07818921432 और 09756035257 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के नंबर 08858222253, 08317041767, 07839882812 और 09450072937 पर भी शिकायत की जा सकती है।