रामपुरा। विकास खंड रामपुरा की ग्राम पंचायत पचोखरा में रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने निरीक्षण कर गांव के तालाब की स्थिति जानी। साथ ही पक्षी विहार के निर्माण कार्य की स्थिति को देखा।
शासन की योजनाओं के अंतर्गत रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने विकास खंड रामपुरा के अंतर्गत पक्षी विहार बनाने को लेकर ग्राम पंचायत पचोखरा में जाजेपुरा रोड़ पर स्थित तालाब का निरीक्षण किया। गांव में जिलाधिकारी के पहुंचने पर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। वहीं, जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सरकारी आवास, शौचालय, पक्की सड़कें व मनरेगा के बारे में जानकारी ली, कुछ गांव के मजदूरों ने कहा कि साहब गांव में मनरेगा के अंतर्गत बहुत ही कम मजदूरी मिल पा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों को नियमित मजदूरी के साथ नियमित भुगतान मिलना चाहिए। मौके पर एसडीएम माधौगढ़ राकेश कुमार सोनी, बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह, ग्राम प्रधान देवेंद्र कुमार सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे। (संवाद)