उरई। मौसम विभाग द्वारा जालौन समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान, तेज बारिश और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। एसडीएम सदर ज्योति सिंह ने बताया कि सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तथा कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
एसडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग और जर्जर भवनों से दूर रहें। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें। साथ ही मोबाइल चार्जिंग और विद्युत उपकरणों के प्रयोग में भी सावधानी बरतें। उन्होंने किसानों से कटाई की गई फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित रखने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल मौसम विभाग व प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। (संवाद)
इन नंबरों पर करें संपर्क
एसडीएम ने बताया कि आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवा 108, पुलिस सहायता 112, अग्निशमन सेवा 101 तथा आपदा हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क कर मदद प्राप्त की जा सकती है।