कस्बे के लौना गांव में खेत से चने तोड़ने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से लाठियां चलने से तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई। पुलिस का कहना है कि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लौना में शुक्रवार की सुबह राजाबाबू पुत्र भगत सिंह के खेत से चने की फसल उखड़ने के निशान मिले थे। जिसे लेकर उसने आशंका जताई कि गोधन पुत्र कृष्ण विहारी ने चने उखाड़े हैं। राजाबाबू ने गोधन से इसकी शिकायत की तो इस बात पर विवाद बढ़ता ही चला गया और दोनों पक्षों के कई लोग वहां जुट गए।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इसके बाद दोनों ओर से लाठियां चलने लगीं। इसमें एक पक्ष के गोविंद सिंह कुशवाहा पुत्र मुलू व उसका बेटा सोनू तथा दूसरे पक्ष से भगत सिंह पुत्र नथू निरंजन घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान लोगों को अस्पताल भेजा। मामले को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामूली बात पर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने चार-चार लोगों के खिलाफ तहरीर कोतवाली में दी हैं। डॉक्टरी रिपोर्ट आने पर दोनों ही पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।