सीमेंट लादकर झांसी से जालौन जा रहा ट्रक सड़क धंसने के कारण खंदक में पलट गया। ट्रक में लदी सात सौ बोरी सीमेंट पूरी तरह बर्बाद हो गई। ट्रक ड्राइवर और क्लीनर भी ंगंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार की रात झांसी से सात सौ बोरी सीमेंट लादकर जालौन के लिये निकला ट्रक रात करीब दो बजे कोंच के समीप हाटा से होकर गुजर रहा था, तभी सामने से आ रही चार पहिया गाड़ी देख ड्राइवर ने ट्रक का स्टेयरिंग घुमा दिया। ट्रक में अधिक वजन होने के कारण पहिया सड़क में धंस गया और ट्रक खंदक में पलट गया।
इससे ड्राइवर सोनू निवासी राजगढ व क्लीनर शैलेंद्र पुत्र घनश्याम निवासी सेलरा मोंठ घायल हो गए। गंभीर हालत में ड्राइवर को झांसी अस्पताल भेजा गया। क्लीनर के मुताबिक रात में जब ट्रक गिरा, तब वह ट्रक के केबिन में फंसा था और खंदक में भरा पानी केबिन तक पहुंच गया। किसी तरह शीशे तोड़कर ड्राइवर और वह बाहर निकले। तब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इलाकाई लोगों का कहना है कि जर्जर सड़क की वजह से आए दिन रोड पर हादसे होते हैं।