कदौरा (जालौन)। कस्बे में गुरुवार को थाना क्षेत्र के ग्राम हांसा में एक पक्षी के मृत अवस्था में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण वर्ड फ्लू की आशंका से भयभीत होकर मामले की सूचना पशुपालन विभाग की टीम को दी। टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। वहीं गाव में लगातार तीसरे दिन अलग-अलग पक्षियों की मौत से हड़कंप की स्थिति है।
बुधवार को ग्राम हांसा में शाम लगभग छह बजे एक पक्षी (चिड़िया) की मौत हो गई। वह जैसे ही गांव में गिरा ग्रामीण एकत्रित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि वह क्षेत्र का पक्षी नहीं लग रहा है, कहीं बाहर से आया है। ग्रामीणों ने जैसे पक्षी को देखा, तो वर्ड फ्लू की आशंका से भयभीत हो गए और मामले की जानकारी पशु पालन विभाग की टीम को दी। टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में पशुधन प्रसार अधिकारी नितेश पटेरिया का कहना है कि जो चिड़िया मृत मिली हैं वह क्षेत्र की नहीं है और न ही उसमें संक्रमण के लक्षण दिख रहे हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण सर्दी लग रही है। फिर भी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है।