उरई/कालपी। भीषण गर्मी एवं बढ़ते हुए तापमान को लेकर आम आदमी एवं जनमानस बहुत अधिक परेशान है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा। भीषण गर्मी के कारण गुरुवार को कानपुर से झांसी जा रही मालगाड़ी के चालकों की हालत बिगड़ गई। मालगाड़ी को उसरगांव रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर दोनों लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी कालपी लाया गया।
गुरुवार शाम कानपुर से झांसी की ओर जा रही मालगाड़ी के दोनों चालकों की हालत अचानक बिगड़ गई। सूचना पर उसरगांव के स्टेशन मास्टर वैभव ने एंबुलेंस को सूचना दी। चालक वासिद व प्रभाकर को सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. शेख शहरयार ने दोनों चालकों का उपचार किया। चिकित्सक के मुताबिक, दोनों चालक लू का शिकार हो गए हैं। अब उनकी हालत में सुधार है।
वहीं, उल्टी दस्त से पीड़ित सूर्यनगर निवासी रजिया (35), तुफैलपुरवा निवासी लल्ला (60), शिवपुरी निवासी सूफियान (13), रामनगर निवासी करिश्मा (20), टीकर निवासी खादिम (80), तुलसीनगर निवासी अमित (45), इमिलिया निवासी कोमलदास (80), इटौरा निवासी हमजा (8), काशीराम कालोनी तबस्सुम (45), औंता निवासी कामता प्रसाद (50), पड़ूली निवासी सीता (35), बघौरा निवासी कमरजहां (28), पटेलनगर निवासी रफीक (45), रूरा अड्डू निवासी करिश्मा (5) समेत 29 मरीजों को उल्ट दस्त होने पर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया।
लू लगने के बुजुर्ग की मौत, समझाने पर पोस्टमार्टम को राजी हुए परिजन
जालौन। ब्लॉक क्षेत्र में लू लगने से बुजुर्ग की मौत हुई। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सुढ़ार सालाबाद निवासी बिंदोले (65) बुधवार की सुबह बकरी चराने के लिए खेत पर गए थे। दोपहर में तेज धूप और लू के चलते उनकी हालत बिगड़ गई। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन तत्काल उन्हें घर ले आए, देर शाम उनकी मृत्यु हो गई। लू लगने से बुजुर्ग की मौत होने की सूचना जब पुलिस व प्रशासन को हुई तो मौके पर पुलिस व क्षेत्रीय लेखपाल पहुंचे। लेकिन परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार नहीं हुए। तब एसडीएम अतुल कुमार व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया, तब वह पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बुजुर्ग की मौत से पत्नी गीता देवी का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोनों पुत्र सुनील व अजय भी गमगीन थे।
मौसम को देखते हुए एहतियात बरतने की सलाह
कोंच। आयुष आपके द्वार योजना के तहत गुरुवार को गांधीनगर स्थित दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम में आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। रोगियों को देखने के बाद चिकित्साधिकारी डॉ अभिलाषा सिंह ने उन्हें मौसम को देखते हुए खास एहतियात बरतने की सलाह दी। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अंडा की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिलाषा सिंह ने रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार दवाएं दीं। शिविर की व्यवस्थाओं में अखिलेश कुमार, मोहित पटेल, शिखा कुशवाहा, राजीव अग्रवाल आदि लगे रहे। (संवाद)
लू से बचाव के लिए सेमिनार का आयोजन
उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओर से लू से बचाव एवं इलाज के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। बाल रोग विभागाध्यक्ष ने हीट स्ट्रोक के लक्षण एवं फर्स्ट एड पर प्रकाश डाला। बाल रोग विभाग की सहायक आचार्य डॉ दिव्या पिपरिया ने हीट स्ट्रोक से बचने एवं इससे पीड़ित होने पर समुचित इलाज पर चर्चा किया। संचालन डॉ अनुरोध राजपूत एवं डॉ प्रवीण नाइक ने किया। डॉ श्रुति खुराना ने सभी का आभार व्यक्त किया। (संवाद)
गर्मी सहन नहीं हुई तो नहर में कूदा युवक
उरई। इस समय गर्मी अपने पूरे शबाब पर है। रनिया निवासी अमित (39) ने बताया कि उसे गर्मी बर्दाश्त नहीं हुई तो वह नहर में कूद गया। नहर में कूदने की जानकारी पर पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत में सुधार है। (संवाद)
मरीजों को लिए कोल्ड रूम बनाया
उरई। लू के मरीजों के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में कोल्ड रूम बनाया गया है। इसमें एसी के साथ दो बेड की व्यवस्था की गई है। साथ ही पानी का टब भी रखा गया है। चिकित्सक के मुताबिक, नौतपा के पांच दिनों में सिर्फ एक मरीज लू का शिकार होकर आया है। इसे इस रूम में भर्ती कराया गया था। (संवाद)