कोंच। रेलवे स्टेशन पर वृद्ध का शव मिलने से खलबली मच गई। स्टेशन कर्मचारियों ने एंबुलेंस व जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी सूचना देने के साढ़े तीन घंटे बाद पहुंची और जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कैलिया थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी अच्छेलाल पटेल (65) का शव मंगलवार सुबह कोंच रेलवे स्टेशन पर पड़ा मिला। सुबह साढे सात बजे के करीब रेलवे कर्मचारियों ने जमीन पर वृद्ध का शव पड़ा देख यूपी 112, एंबुलेंस व जीआरपी को सूचना दी।
एंबुलेंस आई पर मृत होने के कारण लौट गई। सूचना के साढ़े तीन घंटे तक जीआरपी नहीं पहुंची। परिजनों ने बताया कि वृद्ध पिछले दस साल पहले अपनी 40 बीघा जमीन व मकान बेचकर गांव छोड़ कर कोंच आ गए थे।
इसके बाद वह किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता थे। उनके इकलौते पुत्र कन्हैयालाल की पत्नी भी छोड़कर चली गई थी। उनका पुत्र भी आठ साल से लापता है। काफी समय पहले अच्छेलाल की पत्नी नीलम भी उसे छोड़कर कहीं चली गई थी।
स्टेशन के आसपास के लोगों के बताया कि सोमवार दोपहर वृद्ध ई रिक्शा से रेलवे स्टेशन पर आया था। इसके बाद सुबह वह मृत पड़ा मिला।