कदौरा। जलालपुर-कदौरा मार्ग पर पंडोरा के पास बाइक के सामने छुट्टा जानवरों का झंड आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां हालत बिगड़ने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और फिर यहां से कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गया। यहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
कदौरा कस्बे के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी सचिन कुमार (32) की कस्बे में टेंट की दुकान थी। बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला में शादी समारोह में टेंट लगवाने के बाद वह रात करीब नौ बजे बाइक से कदौरा लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह पंडौरा के पास पहुंचा तभी सड़क पर आए अन्ना मवेशियों के झुंड से बाइक टकरा गई, जिससे वह बाइक सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। मौत की खबर जैसे परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया। मृतक का विवाह चार वर्ष पूर्व खरेटा हमीरपुर में हुआ था। पत्नी आरती का रो-रो कर बुरा हाल था। सचिन का तीन वर्ष का पुत्र युवराज है, जो अभी भी पिता के इंतजार में रोए जा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि सर पर चोट अधिक थी, जिस कारण मौत हुई है।
आठ माह में आठ मौतें, पर नहीं हटे सड़कों से अन्ना
- अन्ना की चपेट में आने से दो दर्जन से अधिक लोग हो चुके हैं घायल
कदौरा। जिला प्रशासन के तमाम निर्देशों के बाद भी सड़कों से अन्ना नहीं हटा रहे है। जो आए दिन हादसों का कारण बन चुके है। कस्बे में आठ माह में अन्ना जानवर की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो चुके है, लेकिन इतने के बाद भी स्थानीय प्रशासन नहीं चेत रहा है।
प्रमुख हादसे जिनमें हुई मौतें
-11 अप्रैल 2021 को कुरारा जिला हमीरपुर निवासी बच्चू 34 बाइक से फेरी कर लौट रहा था बवीना नहर के पास अन्ना मवेशियो से टकरा घायल हो गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
-8 मई को कठपुरवा बवीना तिराहे पर कुआखेड़ा निवासी मुनेश 30 अपने दोस्त संदीप के साथ कदौरा आ रहा था मवेशियो से टकराने के बाद डिवाइडर से टकरा कर उसकी मौत हो गई थी जबकि संदीप गम्भीर रूप से घायल हुआ था।
- 29 मई को सहादतपुर रोगी में जसोदा 50 निवासी हांसा पुत्र पुत्री के साथ रिस्तेदारी से लौट कर आ रही थी मवेशियो की टक्कर से जसोदा की मौत हो गई थी जबकि पुत्र व पुत्री घायल हुए थे।
- 20 जुलाई को बसरेही व पथरेहटा के समीप मुकेश 19 निवासी चतेला मवेशियो के झुंड से टकराने के बाद मौत हुई थी।
- 13 अक्टूबर को बागी के पास अन्ना मवेशियों की भगदड़ से बाइक सवार गिर गए थे जिसमें मुन्नी 45 निवासी लहरा थाना कुरारा हमीरपुर की मौत हो गई थी।
आधा दर्जन हैं एक्सीडेंट प्वाइंट
कई यातायात जागरूकता माह आए और समाप्त हुए, लेकिन कस्बे के कुछ हादसों वाले प्वांइट को लेकर न तो जागरूकता चलाई गई और न ही यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए, जिससे आए दिन इन दुर्घटना वाहुल्य क्षेत्रों में हादसों का सिलसिला जारी है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत सबसे अधिक दुर्घटनाएं बागी, सहादतपुर रोगी, उदनपुर, खुटमिली श्रमदान, बवीना नहर व वन विभाग कठपुरवा व बवीना तिराहा प्रमुख है।