जालौन। ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों समेत मनरेगा कर्मचारियों को बीते आठ माह से मानदेय न मिलने के कारण आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्या के समाधान न होने पर बुधवार को कर्मचारियों ने बैठक कर 10 दिन की सांकेतिक कलमबंद हड़ताल की घोषणा करते हुए बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
बताया गया कि नौ मार्च को भी कर्मचारियों ने नवागंतुक बीडीओ प्रशांत कुमार को ज्ञापन देकर भुगतान की मांग की थी, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों का कहना है कि बीते महीनों में दशहरा, दीपावली, होली, नवरात्र जैसे प्रमुख पर्व और वैवाहिक तिथियां भी निकल गईं, लेकिन उन्हें मानदेय नहीं मिला। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि प्रदेश में सर्वाधिक मानव दिवस सृजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसके बावजूद उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो 16 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सांकेतिक कलमबंद हड़ताल की जाएगी।
इस दौरान मुकुल मुदगल, प्रकाश बाबू, प्रमोद कुमार, इंदल साहू, शिवप्रकाश, अनिल कुमार, कुशवेंद्र सिंह मौजूद रहे।