जालौन के मेन बाजार में झंडा चौराहे के पास शनिवार को देर रात एक कपड़ा व्यापारी के साथ लूटपाट कर उसे गोली मार दी गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे निजी अस्पताल मंे भर्ती कराया जहां से डाक्टरों ने व्यापारी को कानपुर रेफर कर दिया। देर रात कानपुर लाते समय व्यापारी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार जालौन के मुहल्ला मुरली
मनोहर निवासी कपड़ा व्यापारी मनु अग्रवाल की झंडा चौराहे के पास कपड़े की दुकान है। शनिवार देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर रहा था। उसने आधा शटर ही गिराया था कि दो नकाबपोश बदमाश बाइक से आए। एक नकाबपोश गाड़ी पर ही बैठा रहा। वहीं दूसरे ने व्यापारी को धक्का देकर गोलक में रखे रुपये लूटने की कोशिश की। इस व्यापारी ने प्रतिरोध किया
तो बदमाश ने उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही व्यापारी जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। इसके बाद बदमाश गोलक के सारे पैसे लूटकर अपने साथी समेत फरार हो गया। वहीं, गोली की आवाज सुनकर पिकट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर दौड़े। मौके पर उन्होंने मनु को लहूलुहान हालत में पाया और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन
पहले मनु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, फिर वहां से एक निजी अस्पताल ले गए। देर रात चिकित्सकों ने मनु को मेडिकल कालेज कानपुर रेफर कर दिया। परिजन व्यापारी को कानपुर लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। व्यापारी की मौत होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर सरेशाम हुई वारदात से क्षेत्र के लोगों में भी दहशत है।