कोंच। किरायेदार ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने परिजनों को जब इसके बारे में बताया तो सन्न रह गए। किशोरी की मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोंच कस्बा स्थित एक मकान में एट थाना क्षेत्र की निवासी 12 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों के साथ पिछले चार माह से किराये पर रह रही है। उसी मकान के बगल वाले कमरे में एक दंपती भी किराये पर रहते हैं, उस महिला का भाई कमलेश बाथम उर्फ कद्दू अक्सर उसके घर पर आता-जाता है। इन दिनों भी वह बहन के घर आया था।
शुक्रवार की देर शाम किशोरी अपने घर पर अकेली थी तभी बगल वाले कमरे में मौजूद कमलेश मौका पाकर उसके कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर किशोरी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी ने बाहर आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। परिजनों ने शनिवार की सुबह कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाल ने बताया कि आरोपी कमलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ डॉ देवेंद्र कुमार पचौरी का बताया कि पीड़ित किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी युवक कमलेश के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है।