कालपी। मंगलवार की दोपहर से शुरू हुई भीषण बारिश के चलते बिजली तरीबुल्दा स्थित प्राइमरी विद्यालय पूर्व सभासद अनिल निषाद के घर के पास बने शिव मंदिर पर गिर गई। इससे पुराना शिव मंदिर ध्वस्त हो गया। हालांकि कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। वहीं, बारिश के चलते नगर समेत क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति धड़ाम हो गई। सरसेला फीडर से दोपहर से ही विद्युत आपूर्ति ब्रेक डाउन हो गई।
तहसील परिसर में मंगलवार की दोपहर बिजली गिरने से बिजली का ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। मंगलवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में बिजली कड़कने लगी, इसी बीच तेज चमक और भारी आवाज के साथ बिजली गरी और परिसर में रखा ट्रांसफार्मर उसकी चपेट में आ गया। इससे तहसील परिसर की बिजली गुल हो गई है। तहसीलदार अभिनव तिवारी ने बताया कि जिस समय बिजली गिरी, उस वक्त कई लोग परिसर में मौजूद थे। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। अवर अभियंता जितेंद्र वर्मा ने बताया कि खराब हुए ट्रांसफार्मर को जल्द बदलवा दिया जाएगा।
रामपुरा थाना क्षेत्र के कुसेपूरा में बिजली गिरने 4 बकरियों की मौत हो गई। एक बकरी घायल हो गई। कुसेपूरा निवासी राजू, टिल्लू व जगराम अपनी बकरियों को चराने खेतों की तरफ चराने गए हुए थे। दोपहर दो बजे के लगभग बरसात के साथ तेज बिजली की तड़क के बाद बिजली खेत में घूम रही बकरियों के ऊपर जा गिरी। बिजली गिरने के बाद बकरियां खेत में ही तड़पते हुए मर गई। बकरियों के ऊपर बिजली गिरने की खबर से आसपास के चरवाहे व ग्रामीण एकत्रित हो गए। बिजली गिरने से कुसेपूरा निवासी टिल्लू की तीन बकरी व राजू की एक बकरी की मौत हो गई। जबकि जगराम की एक बकरी घायल हो गई। (संवाद)