उरई। डाकघर में मंगलवार को बिजली न आने से आधार कार्ड बनवाने आए अधिकांश लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। 35 लोगों को टोकन बांटे गए थे, इसमें दस लोगों के ही आधार कार्ड बन पाए। दोपहर बाद बारिश के चलते दो घंटे लाइट न आने से आधार कार्ड संशोधन करने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला कर्मचारी का कहना है कि दो माह पहले सॉफ्टवेयर पर काम सही हो रहा था, जबसे नया सॉफ्टवेयर आया है, तबसे आए दिन सर्वर की समस्या बनी रहती है। बड़ी बात यह है कि अगर लाइट चली जाती है तो इनवर्टर सिस्टम है। अगर इनवर्टर बैठ जाए तो काम पूरी तरीके से बंद करना पड़ता है। जनरेटर सिस्टम से सेंटर न जुड़ा होने से परेशानी होती है। आज जिन लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पाए है, उन्हें बुधवार को देख कर काम किया जाएगा। जालौन कोतवाली क्षेत्र के औरेखी गांव निवासी दीपक का कहना है उनकी बेटी के आधार कार्ड में आयु में संशोधन कराना है। वह सुबह छह बजे डाकघर पहुंच गए थे। टोकन लेने के बाद उन्हें दोपहर 12 बजे बुलाया गाय। चार घंटे खड़े होने के बाद भी उनकी बेटी का आधार कार्ड सही नहीं हो पाया जिससे मायूस होकर घर लौटना पड़ा।