कुठौंद। गांव में मछली पालन के लिए बने तालाब में डूबने से किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ततारपुर निवासी देवेंद्र कुमार का पुत्र रौनक (13) बुधवार सुबह गांव में बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह गांव के बाहर स्थित मछली पालन के तालाब के पास पहुंच गया। इसी दौरान वह पानी से भरे तालाब में गिर गया और डूबने लगा। साथ में खेल रहे बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पिता देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से रौनक को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कोतवाली प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि किशोर के तालाब में डूबने की सूचना मिली है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।