कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़र में संदिग्ध हालात में एक किशोरी की जलने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, इसी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में एक छात्रा ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव को अंतिम संस्कार कर दिया।
शहर कोतवाली के गांव गढ़र निवासी शालिनी पाल शहर के आर्यकन्या इंटर कालेज में कक्षा ग्यारवीं की छात्रा थी। गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे स्कू ल से घर लौटी। किसी बात को लेकर उसे मां ने डांट दिया। इससे आहत होकर वह रसोई में गई और अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
आग का गोला बनकर वह यहां, वहां भागने लगी। यह देख मां ने उस पर कंबल डालकर आग बुझाई। आसपास के लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही छात्रा की मौत हो गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत कोतवाल जेपी यादव का कहना है कि अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। परिजनाें के मुताबिक, मां की डांट से क्षुब्ध होकर आग लगाई है। वह पड़ताल कर रहे है जांच के बाद आत्महत्या की वजह सामने आएगी।
इधर, शहर कोतवाली के ही मुहल्ला रामनगर निवासी एक 16 वर्षीय छात्रा ने अज्ञात कारणाें के चलते बुधवार रात करीब दस बजे अपने कमरे में लगे हुक से लटकर फांसी लगा ली। परिजनाें ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस बाबत कोतवाल का कहना है कि परिजनाें ने उन्हें सूचना नहीं दी है। वह मौके पर पुलिस भेजकर मामले की जांच करवा रहे हैं। अगर मामला संदिग्ध हुआ, तो परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।