उरई। अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, यहां किशोर को मृत घोषित कर दिया। वह भतीजे व भांजी के साथ शादी समारोह के लिए कपड़े खरीदने उरई आया था। लौटते समय हादसा हो गया।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के भेंड़ गांव निवासी समीर (17) रविवार को भतीजे अनिल (19) व भांजी अनामिका (15) के साथ घर में शादी समारोह होने के कारण कपड़े खरीदने उरई बाइक से आए थे। बाइक अनिल चला रहा था और वह हेलमेट भी लगाए था। जैसे ही उनकी बाइक कोंच कोतवाली क्षेत्र के मनोहरी गांव के पास पहुंची कि पीछे से उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया, यहां समीर को मृत घोषित कर दिया। बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से मां संतोषी देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर का कहना है कि जांच की जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।