कुठौंद। बैंक से रुपये निकालकर बाजार में खरीदारी कर रहे युवक के थैले से टप्पेबाजों ने 40 हजार रुपये पार कर दिए। उसने थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीरेदी। पुलिस ने बाजार में टप्पेबाजों की तलाश की पर सफलता नहीं मिली।
कुठौंद थाना क्षेत्र के करहिया गांव निवासी संतोष पुत्र माता प्रसाद गुरुवार दोपहर 12 बजे कुठौंद स्थित एसबीआई शाखा से 40 हजार रुपये निकालकर बाजार से दीवाली पर सामान की खरीदारी करने लगे। इसी बीच भीड़ का लाभ उठाते हुए टप्पेबाजों ने उनके झोले में रखे 40 हजार रुपये निकाल लिए। सामान खरीदने के बाद जब उसने झोले में रखे रुपए निाकलकर देने चाहे तो रुपये गायब थे। रुपए गायब देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। एसआई अनिल चौहान ने बाजार में घूमकर टप्पेबाजों की तलाश की, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आ सका।