कोंच। आवारा खूंखार कुत्तों द्वारा हर रोज लोगों को काटने की घटनाओं में एसडीएम ने नगरपालिका के ईओ को पत्र लिखकर निर्देशित किया है। कहा कि इस पर गंभीरता से संज्ञान लेकर कुत्तों को पकड़ने के लिए टीम बनाएं।
बता दें कि नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा खूंखार कुत्तों द्वारा लगभग हर रोज लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कस्बे में अभी तक सैकड़ों लोग आवारा खूंखार कुत्तों के शिकार हो चुके हैं। कई छोटे-छोटे बच्चे कुत्तों के काटने से घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं। कस्बे के मोहल्ला भगतसिंह नगर में कई मवेशियों को भी कुत्तों ने काटकर मौत की नींद सुला दिया था। आवारा घूमते कुत्तों के झुंड नगर के लिए बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं।
अमर उजाला ने सात दिसंबर के अंक में ''खूंखार हो रहे कुत्ते, घबरा रहे लोग, 21 लोगों को काट चुके'' शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। एसडीएम अतुल कुमार ने नगरपालिका के ईओ को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों द्वारा आमजन को काटे जाने जैसी खबरों को प्रमुखता से लें। उन्होंने निर्देशित किया कि टीम का गठन कर इन आवारा खूंखार कुत्तों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि लोगों को इन कुत्तों के आतंक से निजात मिल सके।