उरई। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में गो संरक्षण, सुमंगला योजना एवं किसान सम्मान निधि के कार्यों में प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अन्ना जानवर छोड़ने वाले पालकों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लाक वार जानकारी ली कि कितने पालकों ने जानवरों को अन्ना छोड़ा है और उन पालकों पर क्या कार्रवाई की गई। सभी की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जो गोशालाए गोवंश संरक्षण हेतु क्षमता से कम है उनके गोवंशों को दूसरे गोशालाओं में शिफ्ट किए जाने के भी निर्देश दिए। निर्देश दिए कि सभी गोशालाओं में गोवंशों हेतु पर्याप्त चारे, भूषा, पानी तथा उनकी सुविधाओं का भी ध्यान दिया जाए।
यह भी कहा गया कि जो गोशालाए अभी निर्माणाधीन है उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराए जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि वह सुनिश्चित करें कि कोई भी गोवंश सड़कों पर विचरण न करे। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना अंतर्गत आनलाइन आवेदन पत्रों के प्राप्त होने के बारे में जानकारी की। जिस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि प्रथम श्रेणी जन्म के बाद बालिकाओं का पंजीकरण, द्वितीय श्रेणी, टीकाकरण पूर्ण करने वाली बालिकाओं का पंजीकरण, तृतीय श्रेणी. कक्षा 1 में प्रवेश प्राप्त बालिकाओं का पंजीकरण व चतुर्थ श्रेणी. कक्षा 6 में प्रवेश प्राप्त बालिकाओं का पंजीकरण, पंचम श्रेणी. कक्षा 9 में प्रवेश प्राप्त बालिकाओं का पंजीकरण के संबंध में आनलाईन आवेदन पत्रों की समीक्षा की।
प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों में सत्यापित के संबंध में भी जानकारी की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।