फोटो-23-जीआरपी थाने में अभिलेख देखते एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव। संवाद
- फोटो : 1
उरई। झांसी मंडल के पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेनों में बढ़ती चोरी और महिला यात्रियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। कहा कि निगरानी बढ़ाई जाए।
पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज से झांसी-कानपुर रेलखंड पर चोरी की अधिक आशंका वाली ट्रेनों की जानकारी ली। उन्होंने ऐसी ट्रेनों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी दल तैनात करने के निर्देश दिए। कानपुर-झांसी मेमू यात्री ट्रेन (64608) में महिलाओं के साथ चोरी की घटनाओं को देखते हुए, उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने संदिग्ध लोगों की पहचान कर रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ग्रीष्मावकाश के बाद प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए, साथ ही मादक पदार्थ सेवन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। (संवाद)