फोटो - 29 जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी व अन्य। स
- फोटो : स्टेशन रोड पर संचालित एक कोचिंग सेंटर। संवाद
उरई। जिला पंचायत बोर्ड के कार्यकाल की आखिरी बैठक सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न मदों में उपलब्ध बजट के सापेक्ष विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही जिले में चल रहे और लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने की।
बैठक की शुरुआत अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी द्वारा पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने कहा कि पिछले वर्षों में जिला पंचायत के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन समेत अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। अब आगामी वित्तीय वर्ष के लिए जनहित से जुड़े नए प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध बजट के अनुरूप कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। साथ ही पहले से संचालित परियोजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत की दुकानों और गोदामों पर काबिज मूल आवंटियों के वारिसों एवं सिकमी किरायेदारों के संबंध में पंचायती राज विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. मनोज अवस्थी, अशोक यादव, परियोजना निदेशक, सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी, अतर सिंह पाल, मनोज याज्ञिक, संजू सिकरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।