कोंच के मोहल्ला प्रताप नगर में देर शाम कच्चे घर में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग पर काबू का प्रयास किया, लेकिन लपटें कम होने का नाम नहीं ले रही थी। सूचना पर पहुंची दमकल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मोहल्ला निवासी लाला खां पुत्र छूराइन के कच्चे मकान में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते मकान से आग की लपटें उठने लगीं। गनीमत थी कि उस वक्त घर में कोई नहीं था। लपटें देख इलाकाई लोगों में हड़कंप मच गया। नजदीक ही ट्रांसफार्मर रखा था। इसके अलावा आसपास अन्य घरों की ओर आग का रुख देख लोगों के होश उड़ गए।
लोग घरों से बाल्टियां लेकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, तब तक दमकल मौके पर पहुंच गई। फायर स्टेशन कोंच के जगत सिंह, देवेंद्र, नवाब सिंह, धीरेंद्र व कबीर खां आदि ने लपटों को शांत किया। लाला के मुताबिक उसकी गृहस्थी का काफी सामान जलकर राख हो गया। फायर स्टेशन कर्मियों का कहना है कि आग लगने का कारण पता किया जा रहा है।