उरई। आंधी के साथ बारिश होने से जिले में सोमवार की शाम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। ग्रामीण इलाकों में कई जगह पेड़ गिर गए, इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ है। कई जगह बिजली गुल हो गई। अधिकारियों का कहना है कि फाल्ट होने से कई जगह सप्लाई बाधित हुई है। जिले में करीब 07 एमएम बारिश हुई है। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।
जिले में सोमवार को सुबह से ही मौसम में बदलाव हुआ। सूरज की तपिश कम होने लगी और उमस बढ़ गई। शाम चार बजे अचानक बादलों में काली घटा छा गई और आंधी के साथ साथ बारिश होने लगी। इससे कदौरा, डकोर, जालौन सहित कई इलाकों में पेड़ टूट गए। आंधी आने से बिजली की आपूर्ति भी बाधित हो गई। करीब दो घंटे तक रिमझिम बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। तापमान 36 डिग्री तक आ गया। किसानों का कहना है कि मूंग की खेती के लिए यह फायदेमंद है।
बारिश से पेड़ गिरे, बिजली आपूर्ति बाधित
कदौरा। तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने क्षेत्र में कई पेड़ गिरा दिए। इसके साथ ही आंधी से तारों के आपस में टकराने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बबीना और परौसा पावर हाउस से जुड़े दो दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। आंधी के चलते कई स्थानों पर हाइटेंशन लाइनें टूट गईं हैं। हालत यह रही कि बिजली कर्मचारी फाल्ट खोजने में लगे हैं, लेकिन फाल्ट कहां हुआ पता नहीं चल रहा है। (संवाद)
आंधी से 14 गांवों की सप्लाई ठप
आटा। आटा क्षेत्र में दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक चार घंटे की सप्लाई काटी गई। आंधी के कारण बार-बार सप्लाई बंद की गई। सिरसकलार फीडर से जुड़े करीब 60 गांवों की सप्लाई तीन घंटे बंद रही। वहीं, कदौरा व महेवा क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति में दिक्कतें रहीं। आंधी से आटा विद्युत उपकेंद्र से गई हाईटेंशन लाइनों पर पेड़ गिर गए। आटा, चमारी, भभुआ, संदी, पिपरायां,जोरखेरा, तगारेपुर, पांडेपुर सहित गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। (संवाद)
आंधी-पानी से घंटों गुल रही सप्लाई
उरई। आंधी-पानी ने जिलेभर की बिजली व्यवस्था को चरमरा दिया। शहर से लेकर गांव तक की बिजली सप्लाई हर घंटे काटी गई। शहर में शाम साढ़े पांच बजे से लेकर आठ बजे तक राजेंद्र नगर, जेल रोड, कोंच फीडर, कांशीराम कॉलोनी, उमरारखेरा, बघौरा की सप्लाई गुल रही। बीच-बीच में बिजली आती-जाती रही। तेज हवाओं के कारण कई जगह फॉल्ट हुए।चुर्खी रोड पर फॉल्ट, बघौरा के पुलिस लाइन के सामने गली, राजेंद्र नगर, इंदिरा नगर में सप्लाई बाधित हुई। (संवाद)