वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग संजीदा है। मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान एक बार फिर शुरू किया गया है। इसके तहत 2 से 30 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों की खामियों को दूर करेंगे।
इस दौरान नए वोटरों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा 8 और 22 नवंबर को सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर सूचियां सही करेंगे। इसी संबंध में सोमवार को एसडीएम संजय कुमार सिंह ने बीएलओ के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
यहां एसआरपी इंटर कॉलेज में सोमवार को माधौगढ़ आंशिक तथा उरई आंशिक विधानसभा क्षेत्रों के सभी बीएलओ के साथ एसडीएम संजय कुमार सिंह ने बैठक की। उन्होंने बीएलओ को संबोधित करते हुए कहा कि विधान सभाओं की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को ठीक करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया है।
इसके तहत 2 से 30 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के बारे में आवश्यक सूचनाएं एकत्रित कर उनकी लिस्ट तैयार करेंगे। इस दौरान 18 वर्ष के नए वोटरों को भी वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा। विस्थापित लोगों की पहचान कर उनके नाम सूची से खारिज किए जाएंगे।
इसके अलावा सूचियों में जो गलतियां हैं, उनका भी शुद्धीकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 8 और 22 नवंबर को बूथ दिवस मनाए जाएंगे। इस दौरान रजिस्ट्रार कानूनगो अशोककुमार, निर्वाचन कार्यालय कोंच से प्रशांत, पवन गौतम भी मौजूद रहे।