कोंच । भीषण गर्मी के बीच शनिवार दोपहर उरई रोड पर नहर के पास स्थित 33/11 केबी बिजली घर के आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग हुई। स्पार्किंग से बिजलीघर के पीछे झाड़-झंखाड़ में आग लग गई।
कर्मचारियों ने बिजलीघर में उपलब्ध पांच अग्निशमन यंत्रों के सहारे आग पर काबू पाने की कोशिश की, हालांकि बाद में फायर ब्रिगेड ने आकर आग बुझाई। आग की चपेट में आने से कोंच फर्स्ट फीडर, कोंच सेकेंड फीडर, पंचानन फीडर, उरई फीडर, जालौन फीडर, औद्योगिक आस्थान आदि फीडर की केबिलें पूरी तरह से जल कर राख हो गईं। गनीमत रही कि आग से ट्रांसफार्मर और मशीनों को क्षति नहीं हुई है। एसडीओ अनुरुद्ध कुमार मौर्य ने बताया कि विभागीय कर्मी केबिलें बदलने में लगे हुए हैं। देर शाम तक बिजली आने की उम्मीद है।
-
सुबह से बंद है फर्स्ट फीडर की सप्लाई
कस्बे को सप्लाई देने वाले फर्स्ट फीडर की रेलवे क्रासिंग के नीचे से निकली अंडर ग्राउंड केबिल खराब हो जाने से शनिवार तड़के करीब तीन बजे से फर्स्ट फीडर की सप्लाई ठप्प पड़ गई है। बिजली आपूर्ति नहीं हो पाने का असर पानी सप्लाई पर भी पड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे क्रासिंग पर ट्रेक के नीचे से निकली फर्स्ट फीडर की केबिल में ब्लास्ट होने के चलते पटेल नगर, गांधी नगर, जयप्रकाश नगर, सुभाष नगर, गोखले नगर की आपूर्ति ठप्प हो गई है।