आटा। किसानों की फसलों की सुरक्षा को लेकर जारी जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बावजूद बिजली विभाग के जर्जर तारों की वजह से एचटी लाइन के तार में फाल्ट हो जाने से संदी के दो किसानों की 15 बीघा फसल जलकर राख हो गई। जबतक फायर बिग्रेड की गाडी मौके पर पहुंची तबतक किसानों को काफी नुकसान हो चुका था।
शनिवार की शाम आटा थाना क्षेत्र के संदी निवासी किसान अविनाश पटेल ने अपने आठ बीघा के खेत में गेहूं को बोया था। गेहूं की फसल खेत में पककर तैयार खड़ी थी। तभी अचानक तेज हवा चलने से जोरखेरा के लिए गई एचटी लाइन में फाल्ट आ गया। तारों से निकली चिंगारी गेहूं की फसल पर गिर गई। हवा चलने गेहूं की फसल धूं धूं कर जलने लगी देखते ही देखते आग ने संदी के किसान मनोज के खेत को खेत को अपने चपेट में ले लिया।
आग की लपटें देख पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने जानकारी खेत मालिक को दी। जानकारी मिलने पर पहुंचे किसानों ने आग बुझाने का प्रयास किया। आग बढ़ती देख किसानों ने पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन दोनों किसानों की 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने से दोनों किसानों का करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
एसडीएम कालपी हेमंत पटेल का कहना है जानकारी मिली तहसीलदार और लेखपाल को भेजकर सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।