माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में शुक्रवार को शराब पीने के लिए पैसे न देने पर दो युवकों को पिता लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल की तरफ से आरोपी बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गोपालपुरा गांव निवासी दयाराम (71) से उनके बेटों गनेश और डल्ले ने रात में शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर दोनों ने दयाराम पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। बेटों की पिटाई से दयाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से भाग गए। परिजनों ने घायल दयाराम को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि दयाराम की तहरीर के आधार पर उसके बेटों गनेश व डल्ले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।